पेपर लीक के खिलाफ रांची में युवाओं का जनसैलाब, “छात्रों की गूंज” मैराथन में हजारों छात्रों ने लिया हिस्सा
रांची :देशभर में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अनियमितताओं तथा छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर आज राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत एक विशाल मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है बार-बार होने वाले पेपर लीक ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को तोड़ा है। युवाओं के साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है और “छात्रों की गूंज” उसी अभियान का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय दिलाने और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभान चीब ने कहा कि देश का युवा केवल रोजगार ही नहीं बल्कि निष्पक्ष और ईमानदार परीक्षा प्रणाली भी चाहता है। सरकार की जिम्मेदारी है कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न होने दे। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
इस मैराथन का आयोजन “छात्रों की गूंज” अभियान के संयोजक कुमार राजा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दौड़ नहीं बल्कि छात्रों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए जनआंदोलन का प्रतीक है। जब तक पेपर लीक जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लगती और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक छात्रों की यह आवाज बुलंद होती रहेगी
कार्यक्रम में सांसद सुखदेव भगत,झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा,बिनय सिन्हा दीपू, सुमित शर्मा , जयवर्धन ठाकुर,सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया और छात्रों के आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस के सचिव और झारखण्ड के सह प्रभारी भूपेंद्र मराबीने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा देश की सबसे बड़ी पूंजी है* यदि परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर लगातार प्रश्नचिह्न लगते रहे तो यह देश के भविष्य के लिए गंभीर खतरा होगा। इसलिए केंद्र सरकार को पेपर लीक पर प्रभावी नियंत्रण, दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कार्रवाई तथा परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार सुनिश्चित करना चाहिए।
मैराथन के दौरान छात्रों ने शिक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों से जुड़े नारों के साथ पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने तथा युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लिया।


