विश्व जनसंख्या दिवस पर विद्यार्थियों को जनसंख्या संतुलन और साइबर सुरक्षा का मिला संदेश

रांची (गणादेश) : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ संजीवनी रांची की ओर से जी.एम. स्कूल, हरमू में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जनसंख्या संतुलन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम के तहत विश्व जनसंख्या दिवस विषय पर पोस्टर निर्माण एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जनसंख्या वृद्धि की चुनौतियों, संसाधनों के संतुलित उपयोग तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का प्रभावशाली संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साइबर अपराध जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया। सत्र की मुख्य वक्ता झारखंड उच्च न्यायालय की अधिवक्ता सौम्या एस. पांडेय ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध, डिजिटल धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी और पासवर्ड साझा करने के जोखिम तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता, जागरूकता और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ संजीवनी रांची की पूर्व अध्यक्ष मीना सिन्हा तथा अध्यक्ष डॉ. अंजना वर्मा की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लब की संपादक डॉ. शैल सिंह एवं सदस्य डॉ. नीरजा ओझा, श्वेता सिंह, कनक लता, दर्शना कौर, अनीता सिंह तथा कृष्णा शर्मा का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से जनसंख्या संतुलन, डिजिटल सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *