ह्यूमन हेल्पलाइन सेवा संगठन से जुड़े नए सदस्य, समाज सेवा के विस्तार का लिया संकल्प

रांची : ह्यूमन हेल्पलाइन सेवा संगठन के तत्वावधान में बरियातू स्थित शीतलअग्नि रेस्टोरेंट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान अंजन कुमार सिंह, देव कुमार सिंह, अरुण कुमार कुशवाहा एवं रोहित कुमार गुप्ता ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। संगठन की ओर से सभी नव-सदस्यों को सदस्यता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण, गोपनीयता और सेवा-भाव की शपथ दिलाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष सत्यजीत कुमार ने कहा कि ह्यूमन हेल्पलाइन सेवा संगठन समाज के जरूरतमंद लोगों तक सेवा, सहयोग और न्याय पहुंचाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन पारदर्शिता, समर्पण और सेवा-भाव के साथ समाज के हर वर्ग के हित में काम कर रहा है तथा भविष्य में इसका विस्तार झारखंड के साथ-साथ पूरे देश में किया जाएगा।
उपाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह ने नव-सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें संगठन की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों की जानकारी दी तथा सामाजिक सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं महासचिव सत्येन्द्र प्रसाद सिंह ने सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से संगठन निरंतर आगे बढ़ रहा है और भविष्य में समाज सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
बैठक में राहुल अग्रवाल, कुन्दन वर्मा, हरीश नागपाल, शाहिद आलम, सोनू कुमार, विवेकानन्द मिश्रा, आशीष जायसवाल, संतोष कुमार, प्रभात कुमार राजन सहित बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *