मोरहाबादी से हटाए जाने पर सब्जी विक्रेताओं का नगर निगम पर प्रदर्शन, स्थायी स्थान की मांग

रांची: राजधानी रांची के सैकड़ों सब्जी विक्रेताओं ने बुधवार को रांची नगर निगम के मुख्य गेट के सामने सब्जियां लेकर अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान दुकानदार सब्जियां सजाकर बेचने की मुद्रा में बैठ गए और सरकार व नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने लिए स्थायी बाजार स्थल की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि वे पिछले सात वर्षों से मोरहाबादी मैदान के समीप सड़क किनारे सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। हाल ही में नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत उन्हें वहां से हटा दिया गया, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।

विक्रेताओं का आरोप है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाना उचित नहीं है। उनका कहना है कि रोजाना की कमाई से ही उनके परिवार का खर्च चलता है और दुकान हटने के बाद आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि नगर निगम उन्हें शीघ्र एक स्थायी और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराए, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय जारी रख सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *