स्वर्ण व्यवसायियों पर बढ़ते अपराधों के विरोध में अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन की आपात बैठक

रांची: अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड की एक आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्यभर में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ लगातार हो रही लूट, चोरी एवं आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।

बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी ने की। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्वर्ण व्यवसायी लगातार अपराधियों के निशाने पर हैं, जिससे पूरे व्यापारिक वर्ग में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

बैठक में विशेष रूप से गुमला जिले के पालकोट में माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी से दिनदहाड़े लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों की लूट की घटना की कड़ी निंदा की गई। जानकारी के अनुसार, दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी को दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने घेर लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई तथा दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग कर आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस घटना ने पूरे स्वर्ण व्यवसायी समाज को झकझोर कर रख दिया है।

इसके अलावा, दो दिन पूर्व नगरी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का भी बैठक में उल्लेख करते हुए कहा गया कि लगातार हो रही चोरी, लूट और डकैती की वारदातें कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

संगठन ने निर्णय लिया कि प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल जल्द ही झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात करेगा। इस दौरान स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रमुख बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की जाएगी।

संगठन ने राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन से अपील की है कि स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि वे भयमुक्त होकर अपना व्यापार संचालित कर सकें।

बैठक में शामिल नंदलाल साहू, मनोज सोनी, शंभू प्रसाद, त्रिभुवन प्रसाद, पंकज प्रसाद, रामबालक जी तथा सभी गणमान्य उपस्थित थे,

यह जानकारी अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन, झारखंड के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री सुनील पोद्दार द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *