एफजेसीसीआई और और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के बीच एमओयू

रांची: राज्य के युवाओं को रोजगार और उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के बीच मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर एफजेसीसीआई की ओर से अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी की ओर से मिशन निदेशक-सह-मुख्य परिचालन पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार लाल (आईएएस) ने हस्ताक्षर किए।
एमओयू के तहत मुख्यमंत्री सारथी योजना (MMSY) के अंतर्गत प्रशिक्षित और प्रमाणित युवाओं को एफजेसीसीआई से जुड़े उद्योगों और प्रतिष्ठानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण, औद्योगिक भ्रमण, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, अतिथि व्याख्यान और पाठ्यक्रम निर्माण में भी दोनों संस्थाएं मिलकर सहयोग करेंगी। यह समझौता प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकेगा।
एफजेसीसीआई अपने सदस्य उद्योगों के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा तथा चयनित युवाओं को समय पर वेतन, न्यूनतम वेतनमान और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम करेगा।
इस अवसर पर एफजेसीसीआई अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह साझेदारी झारखंड के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं महासचिव रोहित अग्रवाल ने विश्वास जताया कि यह सहयोग युवाओं, उद्योग जगत और राज्य के समग्र आर्थिक विकास के लिए लाभकारी साबित होगा।
कार्यक्रम में एफजेसीसीआई के पदाधिकारियों के साथ झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी और यूएनडीपी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *