उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने रोजगार मेला में चयनित अभ्यर्थियों को दिया ऑफर लेटर
खूँटी: श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, खूंटी द्वारा कचहरी मैदान में एक दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्देश्य बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा योग्य अभ्यर्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में नियोजन सुनिश्चित करना था।ㅤ
रोजगार मेला में मुख्य रूप से उपायुक्त मो० जावेद हुसैन उपस्थित रहे। उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष श्री मसीह गुड़िया एवं उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी आनंद कुमार ने उपायुक्त, जिला परिषद अध्यक्ष, उप विकास आयुक्त सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा रोजगार मेला के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी पहल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने कौशल का विकास कर उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं तथा रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।ㅤ
रोजगार मेला में 25 से अधिक प्रतिष्ठित नियोजकों ने भाग लिया। इनमें टेरियर सिक्योरिटी सर्विसेज (कर्नाटक), पैनआईआईटी एलुमनाई रीच फॉर झारखंड फाउंडेशन (रांची), विजन इंडिया सर्विसेज प्रा. लि. (रांची), एम/एस रांची सिक्योरिटी प्रा. लि., मॉड मोबाइल्स मारुति सुजुकी ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर (खूंटी), शिव फोर्ड ग्रुप (पुणे), एलआईसी (खूंटी), एल एंड टी कंस्ट्रक्शन (पश्चिम बंगाल), प्रेमसंस बजाज (रांची), वॉकरू इंटरनेशनल प्रा. लि. (कोयंबटूर), नम्रा फाइनेंस (खूंटी), एमआरएफ लिमिटेड (गुजरात), फर्स्ट सिक्योरिटी कंपनी एंड आउटसोर्सिंग कंपनी (रांची), सहित अन्य संस्थानों ने अपने स्टॉल लगाए। सभी नियोजकों द्वारा 82 योग्य अभ्यर्थियों का ऑन-द-स्पॉट चयन किया गया। रोजगार मेला में जिला श्रम अधीक्षक, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवक-युवतियां उपस्थित रहे।


