राजद और माले की ‘गद्दारी’ झारखंड के इतिहास में दर्ज होगी, राजद को सरकार से बाहर किया जाए: इरफान अंसारी

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की हार के बाद महागठबंधन के भीतर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राजद और भाकपा माले पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दलों ने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया और चुनाव में कांग्रेस के साथ गद्दारी की।
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गठबंधन के सभी विधायकों के साथ कई दौर की बैठकें की थीं और मॉक पोल भी कराया गया था। इसके बावजूद राजद और माले ने गठबंधन को नुकसान पहुंचाने का काम किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को झामुमो का पूरा समर्थन मिला, लेकिन यदि राजद और माले का वोट भी मिलता तो कांग्रेस उम्मीदवार की जीत आसानी से सुनिश्चित हो जाती।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दोनों दलों ने गठबंधन की पीठ में खंजर घोंपने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद और माले की इस भूमिका को झारखंड की राजनीति में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
इरफान अंसारी ने आगे कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री से मांग करेगी कि राजद को सरकार से बाहर किया जाए और उसके मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। उनके इस बयान के बाद राज्यसभा चुनाव के परिणाम को लेकर महागठबंधन के भीतर सियासी तनाव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *