उपायुक्त ने की लंबित योजनाओं की समीक्षा, नई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा

खूँटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट न्यास परिषद एवं प्रबंधकीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में स्वीकृत योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नई योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने डीएमएफटी के तहत अपूर्ण योजनाओं की स्थिति पर गहन समीक्षा करते हुए विलंब के कारणों की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप खनन प्रभावित क्षेत्रों में योजनाओं के चयन पर विशेष जोर दिया गया। इस क्रम में PMKKY गाइड लाइन के तहत प्रत्यक्ष रूप तथा अप्रत्यक्ष रूप से कुल 25 किलोमीटर की परिधि में आने वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी केंद्रों, जीविकोपार्जन एवं अन्य से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं के चयन पर विचार विमर्श समिति के सदस्यों संग किया गया। उपायुक्त ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल आपूर्ति, शौचालय, स्किल डेवलपमेंट एवं कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार योजनाओं का चयन कर अनुशंसा भेजने पर चर्चा किया। उन्होंने कहा कि DMFT मद के अंतर्गत प्राप्त निधि का उपयोग जनहित में प्रभावी योजनाओं के माध्यम से किया जाए, ताकि खनन प्रभावित क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में क्षेत्र के माननीय सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला खनन पदाधिकारी, डीएसपी मुख्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, जिला उद्यान पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *