पुलिस एसोसिएशन का अल्टीमेटम खत्म, विधायक जयराम महतो प्रकरण में गिरफ्तारी की अटकलें तेज

रांची: डुमरी विधानसभा क्षेत्र से जेएलकेएम विधायक जयराम महतो और पुलिस एसोसिएशन के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले में पुलिस एसोसिएशन ने विधायक से 24 घंटे के भीतर माफी मांगने की अपील की थी। हालांकि, विधायक ने एसोसिएशन की मांग को स्वीकार नहीं किया और सोशल मीडिया के माध्यम से माफी नहीं मांगने की बात कही।
इसके बाद पुलिस एसोसिएशन ने विधायक के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि यदि मामले में विधायक की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो राज्यभर में आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में विभिन्न जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अपना पक्ष रखा है।
विवाद के बीच विधायक जयराम महतो की संभावित गिरफ्तारी को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि एक सितंबर के बाद मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर सकती है। हालांकि, विधायक की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि मामला अब एमपी-एमएलए कोर्ट तक पहुंच चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में पुलिस और विधायक के बीच विवाद और बढ़ने की संभावना है। पुलिस एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि थाना प्रभारी के साथ कथित दुर्व्यवहार को वह गंभीर मामला मानता है और कार्रवाई नहीं होने पर राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, इस पूरे प्रकरण में विधायक जयराम महतो का रुख भी स्पष्ट है। उन्होंने माफी मांगने से इनकार किया है। अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई और अदालत में होने वाली सुनवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *