बस दो घंटे का इंतजार, तीनों प्रत्याशियों की बढ़ी बेचैनी
रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर दिया है। मतदान समाप्त होने के बाद अब सभी की निगाहें मतगणना और चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं। अगले कुछ घंटों में यह साफ हो जाएगा कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर किसे जीत मिलती है। परिणाम से पहले चुनाव मैदान में उतरे तीनों प्रत्याशियों की बेचैनी बढ़ गई है और राजनीतिक गलियारों में कयासों का दौर तेज हो गया है।
राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन की ओर से झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा मैदान में हैं, जबकि एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। मतदान के बाद दोनों गठबंधनों के नेताओं ने जीत का दावा किया है और अपने-अपने आंकड़ों के आधार पर सफलता की उम्मीद जता रहे हैं।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक प्रथम वरीयता के वोटों में झामुमो के 29, कांग्रेस के 16, राजद के 4 और भाकपा माले के 2 विधायकों का समर्थन महागठबंधन के उम्मीदवारों को मिला है। ऐसे में झामुमो प्रत्याशी बैद्यनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है। असली मुकाबला दूसरी सीट को लेकर है, जहां कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी के बीच कड़ा संघर्ष माना जा रहा है।
चर्चा है कि एनडीए के पास अपने 25 वोट हैं और जीत सुनिश्चित करने के लिए उसे कुछ अतिरिक्त वोटों की जरूरत थी। यदि एनडीए तीन अतिरिक्त वोट जुटाने में सफल रहा होगा तो परिमल नाथवानी की जीत संभव है। दूसरी ओर, यदि महागठबंधन के विधायक पूरी तरह एकजुट रहे और रणनीति के अनुसार मतदान किया, तो कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा बाजी मार सकते हैं।
फिलहाल मतगणना शुरू होने का इंतजार है। अगले दो घंटे में परिणाम सामने आने के साथ ही सभी अटकलों पर विराम लग जाएगा और राज्यसभा की दोनों सीटों की तस्वीर साफ हो जाएगी।



