तीन उम्मीदवार, दो सीटें और 81 वोट, आज खुलेगा किस्मत का पिटारा
रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों को लेकर चल रही सियासी जंग अपने अंतिम पड़ाव पर है। विधानसभा में गुरुवार को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होना है। जबकि शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होने के साथ ही यह साफ हो जाएगा कि तीन उम्मीदवारों में से किसे हार का सामना करना पड़ेगा।
राज्यसभा चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में जोरदार राजनीतिक गतिविधियां चल रही थी। विधायकों को एकजुट रखने, रणनीति बनाने और संभावित क्रॉस वोटिंग को रोकने के लिए दोनों पक्षों ने पूरी ताकत झोंक दी है। संख्या बल के आधार पर इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है, लेकिन राज्यसभा चुनाव की विशेष मतदान प्रणाली और राजनीतिक समीकरणों ने मुकाबले को बेहद रोचक बना दिया है।
इस चुनाव में जीत का आंकड़ा 28 वोट निर्धारित है। झारखंड विधानसभा में इंडिया गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं। इनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के 4 और भाकपा माले के 2 विधायक शामिल हैं। गठबंधन ने झामुमो की ओर से बैद्यनाथ राम और कांग्रेस की ओर से प्रणव झा को मैदान में उतारा है। यदि सभी विधायक एकजुट होकर मतदान करते हैं तो दोनों उम्मीदवारों की जीत का रास्ता आसान माना जा रहा है।
दूसरी ओर भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनावी मैदान में हैं। एनडीए के पास कुल 24 विधायक हैं, जो जीत के लिए आवश्यक आंकड़े से चार वोट कम हैं। ऐसे में नाथवानी की जीत अतिरिक्त समर्थन या संभावित क्रॉस वोटिंग पर निर्भर मानी जा रही है।
यही वजह है कि मतदान से पहले दोनों खेमों में लगातार बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं का दौर चलता रहा। राजनीतिक गलियारों में अटकलों का बाजार भी गर्म है। हालांकि अंतिम फैसला अब विधायकों के मतपेटी तक पहुंचने के बाद ही होगा। शाम तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि राज्यसभा की दो सीटों पर कौन विजयी होगा और तीन उम्मीदवारों में से किसकी उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा।



