मीडिया कर्मियों के लिए मणिपाल हॉस्पिटल का बड़ा उपहार, ‘मीडिया प्रिविलेज कार्ड’ लॉन्च

रांची : मीडिया जगत से जुड़े लोगों के स्वास्थ्य और उनके परिवारों के बेहतर चिकित्सा लाभ को ध्यान में रखते हुए ‘अन्वेषणा मेडिकल एजुकेशन’ और मणिपाल हॉस्पिटल की संयुक्त पहल पर होटल बीएनआर चाणक्य, रांची में ‘मीडिया प्रिविलेज कार्ड’ का अनावरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में रोबोटिक सर्जन डॉ. अभय कुमार और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय कुमार ने मीडिया प्रतिनिधियों को आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, स्वास्थ्य जागरूकता और जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस अवसर पर डॉ. अभय कुमार ने कहा कि मीडिया क्षेत्र से जुड़े लोगों को केवल बीमारियों और उनके उपचार की जानकारी ही नहीं, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में विकसित हो रही नई तकनीकों से भी अवगत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में प्रतिदिन नए शोध और तकनीकें सामने आ रही हैं और मीडिया के माध्यम से इन जानकारियों को आम लोगों तक पहुंचाया जा सकता है, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज का लाभ मिल सके। वहीं हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय कुमार ने कहा कि मीडिया कर्मियों का स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि वे समाज को जानकारी देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत में सर्वाधिक मौतें हृदय रोगों के कारण हो रही हैं। ऐसे में संतुलित जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ आदतों को अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवा आयु में बढ़ रहे हृदय रोगों पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि 30 से 40 वर्ष की आयु में किसी व्यक्ति को गंभीर हृदय रोग हो जाए तो इसका प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है।कार्यक्रम के दौरान ‘मीडिया प्रिविलेज कार्ड’ का अनावरण किया गया। इस कार्ड के माध्यम से देशभर में मणिपाल हॉस्पिटल के सभी केंद्रों पर मीडिया कर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं पर 25 प्रतिशत तक का विशेष लाभ मिलेगा। इसके अलावा यह भी घोषणा की गई कि मीडिया क्षेत्र से जुड़े परिवारों के ऐसे छात्र जो मेडिकल शिक्षा से संबंधित पाठ्यक्रमों में अध्ययन कर रहे हैं, उन्हें पेशेवर करियर को आगे बढ़ाने के लिए मणिपाल हॉस्पिटल और अन्वेषणा मेडिकल एजुकेशन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में कई मरीजों ने भी अपने अनुभव साझा किए और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से मिले लाभ के बारे में जानकारी दी। उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने इस पहल को स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा एक सकारात्मक कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *