14 माह से वेतन नहीं मिलने पर भड़के वोकेशनल शिक्षक, सीएम आवास घेराव कर आत्मदाह की चेतावनी
रांची: झारखंड में पिछले 14 महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों वोकेशनल शिक्षकों ने शनिवार को कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया। रिमझिम बारिश के बावजूद शिक्षक छाता लेकर प्रदर्शन स्थल पर डटे रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने कहा कि राज्य के विधायक, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों को नियमित वेतन मिल रहा है, लेकिन शिक्षा व्यवस्था को संभालने वाले वोकेशनल शिक्षकों को 14 महीने से वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विभिन्न योजनाओं पर खर्च कर रही है, लेकिन शिक्षकों के वेतन भुगतान को लेकर गंभीर नहीं है।
शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाते रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसी वजह से वे मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सीएम आवास घेराव करने पहुंचे थे। हालांकि सुरक्षा बलों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार का भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब भी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाना उनका अंतिम विकल्प होगा।



