विश्व पर्यावरण दिवस पर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
खूँटी: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, खूँटी एवं द हंस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मो० जावेद हुसैन, उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार प्रकाश समेत अन्य पदाधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने, कचरा का अच्छे से प्रबंधन करने तथा प्रकृति के संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का आधार भी हैं।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, हेल्थ एवं न्यूट्रिशन एक्सपर्ट सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने पर्यावरण को सुरक्षित एवं समृद्ध बनाने हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 1972 में इसकी शुरुआत की गई थी और वर्ष 1974 में पहली बार विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन किया गया था। तब से यह दिवस विश्वभर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के महत्वपूर्ण अभियान के रूप में मनाया जाता है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।



