भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिस को मिली राहत, रांची में कूलिंग जैकेट का ट्रायल शुरू

रांची : भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच चौक-चौराहों पर घंटों ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को राहत देने के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने कूलिंग जैकेट का ट्रायल शुरू किया है। तेज धूप और उमस भरी गर्मी में लगातार ड्यूटी कर रहे जवानों की परेशानी को देखते हुए यह पहल की गई है।

फिलहाल रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर तैनात पांच ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। इस विशेष जैकेट के दोनों किनारों पर छोटे-छोटे पंखे लगाए गए हैं, जो शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं। एक बार फुल चार्ज होने के बाद यह जैकेट करीब आठ घंटे तक प्रभावी रहती है।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा इसे ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है, ताकि यह देखा जा सके कि भीषण गर्मी में ड्यूटी कर रहे जवानों को इससे कितनी राहत मिलती है। ट्रायल सफल रहने पर भविष्य में सभी ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को यह जैकेट उपलब्ध कराए जाने की योजना है।

रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि ट्रैफिक जवान तेज धूप और गर्मी में लगातार सड़क पर ड्यूटी करते हैं। हीटवेव के कारण कई जवानों की तबीयत बिगड़ने की शिकायत भी मिल रही थी। ऐसे में कूलिंग जैकेट निश्चित रूप से उन्हें राहत पहुंचाएगी।

इन दिनों रांची का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। सुबह से ही उमस और गर्मी से आम लोग परेशान हैं। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस के लिए कूलिंग जैकेट का ट्रायल एक सराहनीय और जरूरतमंद पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *