20 मई को लातेहार जिले की सभी दवा दुकानें रहेंगी बंद, केमिस्टों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ खोला मोर्चा

लातेहार ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स मुंबई के आह्वान पर 20 मई को लातेहार जिले की सभी छोटी-बड़ी दवा दुकानें बंद रहेंगी। इसको लेकर गुरुवार को होटल उपहार में लातेहार जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद बिहारी गुप्ता ने की।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 मई से 19 मई तक जिले के सभी दवा दुकानदार काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। वहीं 20 मई को जिलेभर की सभी दवा दुकानें स्वेच्छा से बंद रखी जाएंगी। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन छोटे दवा व्यवसायियों के हितों की रक्षा और दवा कारोबार को बचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।जिलाध्यक्ष विनोद बिहारी गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की वर्तमान नीतियों के कारण दवा व्यवसाय कठिन दौर से गुजर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरे-धीरे दवा कारोबार को बड़े कॉरपोरेट घरानों के हवाले किया जा रहा है, जिससे छोटे और मध्यम वर्ग के दवा दुकानदारों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी कंपनियां भारी छूट देकर बाजार पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं, जिसका सीधा असर छोटे व्यवसायियों पर पड़ रहा है।बैठक में बताया गया कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स मुंबई के आह्वान पर देशभर के लगभग 12 लाख 40 हजार केमिस्ट इस आंदोलन में शामिल होंगे। संगठन की ओर से केंद्र सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट बंद कराने, नकली दवाओं की बिक्री रोकने तथा नशीली दवाओं की ऑनलाइन बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।दवा व्यवसायियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। बैठक में रमेश कुमार गुप्ता, दिलीप कुमार, बीरेंद्र यादव, संजय कुमार गुप्ता, मो. सईद, संजय प्रसाद, सुरेश कुमार एवं अनूप कुमार समेत जिले के कई दवा व्यवसायी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *