मांडर में भी पेट्रोल पंपों पर लगने लगी कतारें
मांडर। क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल भरवाने को लेकर शुक्रवार को कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। सुबह से ही बाइक, कार और अन्य वाहनों के चालक पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कई स्थानों पर भीड़ की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार ईंधन की संभावित कमी और कीमतों में बदलाव की चर्चाओं के कारण लोग पहले से ही टंकी फुल कराने पहुंच रहे हैं। कतार बढ़ने से वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
कुछ पंप संचालकों ने बताया कि फिलहाल ईंधन की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन अचानक बढ़ी भीड़ के कारण दबाव बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लेने की अपील की है।



