गोड्डा का बसंतराय मेला विवादों में, भक्ति की आड़ में अश्लील डांस पर उठे सवाल
रांची: झारखंड के गोड्डा जिले में लगने वाला प्रसिद्ध बसंतराय मेला इस बार अपनी परंपरागत आस्था के बजाय विवादों को लेकर चर्चा में है। भक्ति और धार्मिक महत्व के लिए पहचाने जाने वाले इस राजकीय मेले में मंच पर हो रहे अश्लील डांस ने लोगों की नाराजगी बढ़ा दी है। यह मेला जिला प्रशासन की देखरेख में आयोजित हो रहा है और इसका उद्घाटन सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया है।
हर वर्ष 14 अप्रैल से शुरू होकर लगभग एक सप्ताह तक चलने वाले इस मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। बसंतराय स्थित तालाब को लेकर मान्यता है कि यहां स्नान करने से चर्म रोग दूर होते हैं और गंभीर बीमारियों में भी राहत मिलती है। इसी विश्वास के चलते झारखंड के साथ-साथ बिहार से भी बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं।
लेकिन इस बार मेले के मंच पर भक्ति संगीत की जगह अश्लील नृत्य प्रस्तुत किए जाने से माहौल पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम मेले की धार्मिक गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं और आस्था के केंद्र को मनोरंजन के नाम पर गलत दिशा में ले जाया जा रहा है।
अब लोगों की निगाहें जिला प्रशासन और सरकार पर टिक गई हैं कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और इस ऐतिहासिक मेले की पहचान को कैसे बचाते हैं।



