अभाविप ने रांची विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक को सौंपा ज्ञापन, सत्र नियमित करने की उठाई मांग

रांची :अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने रांची विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक समस्याओं को लेकर परीक्षा नियंत्रक के समक्ष आवाज बुलंद की है। गुरुवार को अभाविप के रांची विभाग संयोजक उत्कर्ष नंद तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने रांची विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक संजय कुमार सिंह से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि परीक्षा समय पर आयोजित कर सत्र को नियमित किया जाए। संगठन ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र को व्यवस्थित करने के लिए एक स्पष्ट परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए, जिसमें यह बताया जाए कि किस तिथि पर कौन-सी परीक्षा आयोजित की जाएगी तथा उसकी क्या तैयारी है।

ज्ञापन में परिषद ने प्रमुख रूप से सत्र 2022-2026 के सेमेस्टर-6 का परीक्षा परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग की। इसके अलावा सभी महाविद्यालयों में समय पर मिड-सेमेस्टर परीक्षा आयोजित करने एवं सभी विषयों के सिलेबस छात्रों को उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

इस मौके पर अभाविप के महानगर मंत्री तुषार ने कहा कि रांची विश्वविद्यालय में सत्र अनियमित होने और समय पर परीक्षाएं नहीं होने के कारण छात्रों को मानसिक एवं आर्थिक रूप से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

प्रतिनिधि मंडल में रांची ग्रामीण से सुभाष प्रजापति और रोहित साहू, तथा महानगर इकाई से अंकित तिवारी, मिथलेश गुप्ता और कुमार दिव्यांशु सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस पहल करने की मांग करते हुए छात्रों के हित में सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *