उपायुक्त  आर० रॉनिटा ने सर्विकल कैंसर के विरुद्ध जिला स्तरीय HPV टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ


खूंटी ; प्रखंड अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारंगहदा पहुंचकर उपायुक्त आर० रॉनिटा ने सर्विकल कैंसर के विरुद्ध जिला स्तरीय HPV टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने 14-15 वर्ष की किशोरियों, जिन्हें HPV टीका लगाया जा रहा, उनसे एवं उनके अभिभावकों से मुलाकात की। उन्होंने टीकाकरण के महत्व एवं इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने स्तर से समाज के अन्य लोगों को भी HPV वैक्सीन के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। उपायुक्त ने टीकाकरण कराने वाले जागरूक किशोरियों को प्रशस्तिपत्र प्रदान कर उनकी प्रशंसा किया।
उल्लेखनीय है कि देश में 30 मार्च 2026 से अगले 3 माह तक HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, यह अभियान 14-15 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए चलाया जा रहा है, जिसके तहत उक्त आयु वर्ग की किशोरियों को टीकाकरण किया जाएगा। राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सभी सरकारी CHC/स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क टीकाकरण उपलब्ध कराया गया है।
इस क्रम में उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न वार्डों का जायजा भी लिया। उन्होंने आईपीडी, ओपीडी सहित अन्य अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच की। साथ ही चिकित्सकों, जीएनएम एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा की।
इस दौरान उपायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि बिना अनुमति चिकित्सक या कोई भी स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित नहीं रहे। सभी को समय पर अस्पताल पहुंचने एवं निर्धारित रोस्टर के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले सभी मरीजों को बेहतर एवं सुगम उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *