पटेल के आदर्शों से ही मजबूत होगा राष्ट्र: राज्यपाल

रांची: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को आर्यभट्ट सभागार में आयोजित समारोह में ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सरदार पटेल स्मृति समिति (कलिंग भारती फाउंडेशन) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि पटेल का अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व ही स्वतंत्र भारत की एकता और अखंडता की मजबूत नींव बना।
उन्होंने कहा कि 562 रियासतों का विलय केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का ऐतिहासिक और अद्वितीय कार्य था, जिसने भारत को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि आज के दौर में भी पटेल के विचार पूरी तरह प्रासंगिक हैं और वे हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में उन्होंने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की अवधारणा को रेखांकित करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए राष्ट्रीय एकता, सुशासन और समावेशी विकास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल श्रद्धांजलि देने का नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेने का है।
राज्यपाल ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि विश्व की सबसे ऊँची यह प्रतिमा देश की एकता, आत्मविश्वास और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि वहां का उनका अनुभव अत्यंत प्रेरणादायक रहा और यह स्मारक नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है।
अंत में राज्यपाल ने लोगों से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपने विचार, व्यवहार और कर्तव्यों में अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *