पत्थरगामा में अवैध बालू खनन से रोज़ 27 लाख की कमाई का आरोप, कांग्रेस विधायक ने DC पर उठाए सवाल

रांची : झारखंड में अवैध बालू खनन को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। गोड्डा जिले के पत्थरगामा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध बालू कारोबार को लेकर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
सोशल मीडिया के माध्यम से जारी एक पत्र में विधायक ने आरोप लगाया है कि पत्थरगामा के सनातन बालू घाटों से प्रतिदिन लगभग 27 लाख रुपये की अवैध बालू की ढुलाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह पूरा खेल जिला प्रशासन और बालू माफिया की मिलीभगत से संचालित हो रहा है, जिससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही नदी के अस्तित्व पर ही खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों में जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश उत्पन्न होने लगा है।
प्रदीप यादव ने अपने पत्र में जिला उपायुक्त की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध खनन और परिवहन बिना प्रशासनिक जानकारी के संभव नहीं है। उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो सके।
विधायक ने यह भी कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो वे इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाएंगे। इधर, इस आरोप के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है, हालांकि जिला प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
झारखंड में पहले भी अवैध बालू खनन को लेकर कई बार सवाल उठते रहे हैं, लेकिन इस बार सीधे तौर पर जिला प्रशासन पर आरोप लगने से मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *