झारखण्ड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

खूँटी: झारखण्ड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त श्रीमती आर० रॉनिटा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि दिनांक 12 अप्रैल 2026 को जिले में झारखण्ड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 का आयोजन किया जाएगा। इस हेतु खूँटी जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिसमें कुल 4668 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा का आयोजन तीन पालियों में सम्पन्न किया जाएगा।

उपायुक्त ने परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संचालन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण, पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, स्टेटिक एवं पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, समय पर प्रश्नपत्र वितरण एवं परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *