रन फॉर नशा बिहार”मैराथन में दौड़े हजारों कदम,नशा मुक्त बिहार के संकल्प को मिला जनसमर्थन
पटना।मद्यनिषेध,बिहार सरकार व एसबीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पटना मैराथन 2026 का सफल आयोजन ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया गया। “रन फॉर नशामुक्त बिहार” थीम पर आयोजित इस मैराथन में लगभग 10,000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त व स्वस्थ बिहार के संकल्प को मजबूत समर्थन दिया। गौरतलब हो कि उक्त
मैराथन का उद्देश्य बिहार को नशामुक्त बनाने, लोगों में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने व स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत एक ऊर्जावान जुम्बा सेशन से हुई। जिसने सभी प्रतिभागियों में उत्साह व ऊर्जा का संचार कर दिया। उक्त समारोह में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव अजय यादव, आयुक्त उत्पाद-सह-निबंधन महानिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, SBI पटना सर्किल के चीफ जनरल मैनेजर अनुराग जोशी, जनरल मैनेजर नेटवर्क-साउथ बिहार रवींद्र कुमार श्रीवास्तव, जनरल मैनेजर नेटवर्क-नॉर्थ बिहार आर. नटराजन व जनरल मैनेजर नेटवर्क-झारखंड विवेक चंद्र जायसवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
मैराथन की शुरुआत प्रातः 3:30 बजे गांधी मैदान के गेट संख्या-01 से की गई। निर्धारित रूट गांधी मैदान से प्रारंभ होकर जेपी गंगा पथ व अटल पथ तक था। अटल पथ से यू-टर्न लेकर प्रतिभागी उसी मार्ग से वापस गांधी मैदान के गेट संख्या-01 तक पहुंचे, जहां फिनिशिंग लाइन पर दौड़ का समापन हुआ। विभिन्न श्रेणियों की दौड़ को निर्धारित अंतराल पर गेट संख्या-01 से हरी झंडी दिखाकर प्रारंभ कराया गया।वहीं
मैराथन के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था व विधि-व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे। मार्ग पर दंडाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रतिभागियों की सुरक्षा के लिए अस्थायी चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों व कार्डियोलॉजिस्ट की व्यवस्था की गई थी। 10.5 किलोमीटर के बिंदु पर एंबुलेंस व चिकित्सकों की तैनाती के साथ-साथ पूरे मार्ग पर दो एंबुलेंस लगातार गतिमान रहीं। इसके अतिरिक्त पीएमसीएच, एनएमसीएच, इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान व इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में आकस्मिक चिकित्सा सेवाएं,ऑपरेशन थिएटर व ट्रॉमा में पूरी तैयारी की गई थी।
पटना मैराथन 2026 में मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



