ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर प्रशासन सतर्क, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन से होगी

रांची: आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को रांची समाहरणालय में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक तैयारी और विभिन्न विभागों के समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रखें।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि रामनवमी जुलूस मार्ग, सरना स्थलों तथा ईद की नमाज के प्रमुख स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाए। संबंधित पदाधिकारी आयोजन समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं का समय-समय पर निरीक्षण करेंगे, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रमुख चौक-चौराहों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखते हुए सभी सूचनाओं की त्वरित निगरानी और समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही नगर निगम, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान प्रमुख स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। प्रशासन ने विश्वास जताया कि प्रशासन और पुलिस के समन्वित प्रयास से जिले में ईद, सरहुल और रामनवमी के पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *