एलपीजी को लेकर अफवाहों पर ब्रेक: डीएम ने  बुलाई बैठक, कहा – गैस की कोई कमी नहीं

भागलपुर। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में गैस आपूर्तिकर्ता कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में साफ किया गया कि जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

बैठक में इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधक रमन गौतम ने जानकारी दी कि सामान्य दिनों में एक दिन का बैकलॉग रहता है, लेकिन फिलहाल यह बढ़कर लगभग तीन दिन का हो गया है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर प्रतिदिन लगभग 10 हजार सिलेंडर का स्टॉक रहता है, जबकि अभी 18 से 20 हजार सिलेंडर उपलब्ध हैं। उनके अनुसार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर लोगों में सुरक्षा की भावना के चलते पैनिक बुकिंग बढ़ी है।

वहीं एचपीसीएल के वरीय क्षेत्रीय प्रबंधक शाहनवाज अनवर और भारत पेट्रोलियम के क्षेत्रीय प्रबंधक इंद्रनील अग्रवाल ने भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस के लिए ग्राहक सत्यापन की प्रक्रिया के कारण कुछ स्थानों पर रोक लगाई गई है, लेकिन सत्यापित उपभोक्ताओं को आपूर्ति जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक पुलिस लाइन, एएनएम, जीविका और टाटा स्टील जैसे संस्थानों को कमर्शियल गैस की सप्लाई जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि गैस को लेकर किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि घरेलू गैस की ऑनलाइन बुकिंग और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन गैस गोदामों पर भीड़ की स्थिति बन रही है उनकी सूची तैयार की जाए। ऐसे स्थानों पर भीड़ नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *