रांची में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रांची : राजधानी रांची में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली प्रकाश सोए के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र के शांति नगर मैदान इलाके में छापेमारी की।
छापामारी के दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों को मौके पर ही ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल कुमार (28 वर्ष) और संदीप तिग्गा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। विशाल कुमार अरगोड़ा बस्ती (नियर टिंबर) का निवासी है, जबकि संदीप तिग्गा अरगोड़ा पीपर टोली का रहने वाला है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से नशीले पदार्थों के साथ कई सामान भी बरामद किए हैं। बरामदगी में कुल 37 पुड़िया ब्राउन शुगर (कागज सहित वजन लगभग 4.30 ग्राम) और 20 पुड़िया ब्राउन स्टोन (कागज सहित वजन लगभग 2.14 ग्राम) शामिल हैं। इसके अलावा दो स्मार्टफोन, 5338 रुपये नकद तथा एक सफेद रंग की Maruti Suzuki Ignis कार (रजिस्ट्रेशन संख्या JH01EY0958) भी जब्त की गई है।
इस मामले में अरगोड़ा थाना में कांड संख्या 61/26, दिनांक 11 मार्च 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b), 22(b) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *