गैस किल्लत के आरोप पर बीजेपी का झामुमो पर पलटवार,कहा-कोरोना टीका की तरह गैस सिलिंडर पर जनता में भ्रम फैला रही है

रांची: गैस सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री और सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय उपाध्यक्ष सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि झामुमो राज्य की जनता को हतोत्साहित करने का काम कर रहा है, जबकि सत्ता पक्ष का दायित्व लोगों को भरोसा और सहारा देना होता है। उन्होंने कहा कि आज देश में कांग्रेस की सरकार नहीं है कि गैस सिलेंडर को लेकर हाहाकार मच जाए या कालाबाजारी शुरू हो जाए। देश में गवर्नमेंट ऑफ इंडिया के नेतृत्व में नरेंद्र मोदी की सरकार है, जो जनता की सेवा के लिए दिन-रात काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि यही इंडी गठबंधन है जिसने पहले कोरोना टीका और नोटबंदी जैसे मुद्दों पर भी भ्रम फैलाने की कोशिश की थी, लेकिन देश की जनता ने इनकी बातों पर भरोसा नहीं किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास बनाए रखा। डॉ. वर्मा ने कहा कि आज दुनिया में भारत की साख बढ़ी है और संकट के समय भी भारतीय तिरंगा लोगों के लिए भरोसे का प्रतीक बनता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो के नेता रमजान और उसके बाद होने वाले शादी-विवाह के मौसम को लेकर राजनीतिक सहानुभूति बटोरने के लिए बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो ने कभी गैस सिलेंडर 400 रुपये में देने या किसानों से 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने की चिंता नहीं दिखाई, लेकिन बिना किसी वास्तविक कमी के गैस किल्लत की बात कही जा रही है।
डॉ. वर्मा ने कहा कि भारत सरकार को देश के 140 करोड़ लोगों की चिंता है और पेट्रोलियम मंत्रालय पूरी तरह सतर्क है। देश में पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन दुष्प्रचार के कारण कालाबाजारी न बढ़े इसके लिए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उन्होंने झामुमो को विदेश नीति जैसे गंभीर विषयों पर बिना तथ्य जाने बयानबाजी से बचने की सलाह देते हुए कहा कि भारत की सरकार देश के हित में निर्णय लेती है और कभी घुटने नहीं टेकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *