आज नगर सरकार चुनेगा झारखंड,सुरक्षा के कड़े इंतजाम,बैलेट पेपर से हो रहा मतदान

रांची: झारखंड में 20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के 1,087 वार्डों में 48 महापौर/अध्यक्ष और पार्षद पदों के लिए आज मतदान हो रहे हैं। इसमें महापौर या अध्यक्ष पद के लिए 235 महिलाओं सहित 562 उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि वार्ड पार्षद पद के लिए 2,727 महिलाओं समेत 5,569 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव से पूर्व ही 41 पार्षद पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि तीन वार्ड खाली रह गए क्योंकि वहां से कोई नामांकन नहीं मिला। इन चुनावों में 21.26 लाख महिलाओं सहित 43.33 लाख से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं। झारखंड में शहरी निकाय चुनाव निर्दलीय हो रहा है। मेयर और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को दलों का समर्थन मिलता है। इस चुनाव के लिए कुल 4,304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 896 अति संवेदनशील और 2,445 संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
मतदान बैलेट पेपर से हो रहा है। इस बार मतदाताओं को नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं है। यानी मतदाता को चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में से किसी एक को ही वोट देना होगा। मतदान को लेकर अभी मतदान स्थल और चौक चौराहे पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।
रांची नगर निगम मेयर पद के लिए कुल 11 उम्मीदवार मैदान में है। इसमें मुख्य रूप से बीजेपी समर्थित रौशनी खलखो,कांग्रेस समर्थित रमा खलखो और झामुमो समर्थित सुजीत आनंद विजय कुजूर है। इसके अलावा राजद समर्थित सुजाता कच्छप भी मैदान में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *