जोन्हा फॉल्स पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन और पत्नी कल्पना सोरेन, कहा– झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार, संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने रविवार को रांची से कुछ ही दूरी पर स्थित प्रसिद्ध जोन्हा फॉल्स की हरी-भरी वादियों का भ्रमण किया। सीएम अपने से कार ड्राइव कर जोन्हा फॉल्स पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया, स्थानीय फलों का स्वाद चखा और आसपास के ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधाराएं, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों की शांत सुंदरता यह एहसास कराती है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है। उन्होंने कहा कि यह राज्य की साझा धरोहर है, जिसकी रक्षा और संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि झारखंड का हर क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विविधता के लिए विशेष पहचान रखता है। राज्य के किसी भी कोने में जाने पर प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों और मनमोहक छटा से पर्यटकों का स्वागत करती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की प्राकृतिक संपदा को संरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास साथ-साथ चल सकते हैं। इसके लिए सभी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का झारखंड की इस अनुपम धरती पर हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत हर आगंतुक को एक अलग अनुभव प्रदान करती है। अंत में उन्होंने सभी पर्यटकों का “जोहार” कहकर स्वागत किया।


