रांची नगर निगम मेयर चुनाव: सुजाता कच्छप को राजद ने दिया समर्थन,लगातार तीन बार से पार्षद हैं सुजाता
रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रांची नगर निगम मेयर चुनाव में अपना समर्थन घोषित कर दिया है। शनिवार को प्रदेश राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी ने निर्दलीय प्रत्याशी सुजाता कच्छप को समर्थन देने की औपचारिक घोषणा की।
पार्टी के प्रदेश युवा अध्यक्ष रंजन यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य की विभिन्न राजनीतिक दलों ने मेयर और नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपने-अपने समर्थित उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। ऐसे में राजद ने भी रांची नगर निगम मेयर पद के लिए सुजाता कच्छप को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और मतदाताओं से उनके पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।
मेयर पद की प्रत्याशी सुजाता कच्छप ने राजद नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें समर्थन दिया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम को एक अनुभवी नेतृत्व की आवश्यकता है। वह वार्ड संख्या-7 से लगातार तीन बार पार्षद रह चुकी हैं और नगर क्षेत्र की समस्याओं तथा स्थानीय मुद्दों से भली-भांति परिचित हैं। उनके अनुसार, जनता के आग्रह और समर्थन के आधार पर ही उन्होंने मेयर पद के लिए चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी प्रवक्ता डॉ. मनोज, महासचिव कमलेश यादव, गायत्री देवी सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। चुनावी परिदृश्य में राजद के इस समर्थन को महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।



