घासी नायक समाज ने निकाला शांतिपूर्ण कैंडल मार्च, विक्की नायक को न्याय की मांग
रांची : बुड़मु प्रखंड के चाया गांव निवासी स्वर्गीय विक्की नायक की बर्बर हत्या के विरोध में घासी नायक समाज की ओर से शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च जयपाल स्टेडियम, रांची से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा, जिसमें सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। सभी ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मृतक को श्रद्धांजलि दी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
कैंडल मार्च को संबोधित करते हुए नायक समाज के युवा अध्यक्ष टाईगर संदीप नायक ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जाति समाज के लोगों के साथ लगातार भेदभाव और अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
वहीं कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि मृतक विक्की नायक के परिजनों को सरकारी नौकरी के साथ 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को संबल मिल सके और समाज में यह स्पष्ट संदेश जाए कि किसी भी समाज के व्यक्ति के साथ निर्मम हत्या स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने हत्या में शामिल सभी दोषियों को फांसी से कम सजा न देने की मांग की।कैंडल मार्च में नायक समाज के पदाधिकारी, युवा सदस्य, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। समाज ने सरकार से शीघ्र पहल कर न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।



