कानून-व्यवस्था दुरुस्त हुए बिना निवेश की उम्मीद बेमानी: सुदेश महतो

रांची: पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में भाग ले रहे हैं, लेकिन राज्य की जनता, निवेशकों और व्यवसायी वर्ग को इससे अधिक अपेक्षा नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। जमशेदपुर से अपहृत युवा व्यवसायी कैरव गांधी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, वहीं व्यवसायियों को रोजाना गैंगस्टर धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने व्यवसायी सुशांत गुप्ता से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की खबर का भी जिक्र किया।

पार्टी कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में श्री महतो ने कहा कि जब तक राज्य में सुरक्षा का माहौल नहीं बनेगा, तब तक निवेशकों के आने की उम्मीद करना बेमानी है। असुरक्षा के वातावरण में कोई भी उद्योगपति या निवेशक राज्य में पूंजी लगाने नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि हत्या, अपहरण और रंगदारी जैसी घटनाएं राज्य की पहचान बनती जा रही हैं।

श्री महतो ने हाल की कुछ हत्याओं का उल्लेख करते हुए प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजधानी समेत पूरे राज्य में आपराधिक गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं। मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पहले भी बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन धरातल पर उसका असर नजर नहीं आया।

गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री द्वारा झंडा न फहराने के सवाल पर उन्होंने इसे संवैधानिक मर्यादा से जुड़ा विषय बताया। हजारीबाग की घटना पर उन्होंने प्रशासन की विफलता बताते हुए सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया।मिलन समारोह में रांची के विभिन्न वार्डों से दर्जनों युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *