राजस्व शाखा के कार्यालय अधीक्षक के आकस्मिक निधन पर समाहरणालय में शोक सभा
बोकारो – समाहरणालय में ड्यूटी के दौरान राजस्व शाखा में पदस्थापित कार्यालय अधीक्षक दिग्विजय नारायण के आकस्मिक निधन से जिला प्रशासन में शोक की लहर व्याप्त है। दिवंगत कर्मी के सम्मान में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।इस दुःखद अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास स्थित शिवपुर कॉलोनी स्थित दिवंगत कर्मी के आवास पर जाकर उनकी पत्नी मृणाल सोनी एवं पुत्र ऋषभ राज से भेंट की तथा गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में जिला प्रशासन उनके साथ मजबूती से खड़ा है और हर सहयोग प्रदान किया जाएगा। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियूष, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार, नोडल पदाधिकारी पंकज दूबे, पीओ माणिकचंद प्रजापति आदि कर्मी उपस्थित थे।उपायुक्त ने इस घटना को अत्यंत दुःखद बताते हुए सिविल सर्जन, बोकारो को निर्देश दिया कि समाहरणालय सहित सभी जिला स्तरीय कार्यालयों में पदस्थापित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में स्थापना शाखा को आवश्यक समन्वय करने का निर्देश दिया गया है।उल्लेखनीय है कि दिवंगत कार्यालय अधीक्षक का निधन समाहरणालय में ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुक जाने से हो गया था। जिला प्रशासन ने उनके सेवा योगदान को स्मरण करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।



