नूतन वर्ष 2026 के स्वागत को झारखंड तैयार, मंदिरों, जलप्रपातों और पिकनिक स्थलों पर उमड़ेगी रिकॉर्ड भीड़
गणादेश,रांची : नूतन वर्ष 2026 के स्वागत को लेकर झारखंड पूरी तरह से उत्सवमय माहौल में डूब गया है। नए साल के आगमन के साथ ही राज्य के प्रमुख मंदिरों, पर्यटन स्थलों, जलप्रपातों और पिकनिक स्पॉट्स पर श्रद्धालुओं और सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। हर साल की तरह इस बार भी नए वर्ष के पहले दिन धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
राजधानी रांची में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों—पहाड़ी मंदिर, बगलामुखी मंदिर, जगन्नाथपुर मंदिर और राम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगने की उम्मीद है। वहीं राज्य के अन्य प्रसिद्ध तीर्थ स्थलों में देवघर स्थित बाबाधाम मंदिर, रामगढ़ के रजरप्पा में स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर और बेड़ों का देवड़ी मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहेंगे। इन स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या में अपार वृद्धि देखी जा सकती है।
पर्यटन स्थलों की बात करें तो पतरातू झील नए साल के जश्न में सैलानियों की पहली पसंद बनकर उभर सकती है। हाल ही में यहां पर्यटकों के लिए हाई-स्पीड मोटर बोट की सुविधा शुरू की गई है, जिससे नौकाविहार का रोमांच दोगुना हो गया है। इसके अलावा दिसंबर से फरवरी के बीच पतरातू क्षेत्र में साईबेरियन पक्षियों का आगमन भी पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है। विदेशी मेहमानों की चहचहाहट सैलानियों के लिए यादगार अनुभव बन रही है।
इसके अलावा राजधानी रांची के धुर्वा डैम, कांके डैम, मछली तालाब, दशम जलप्रपात,खूंटी का पांचघाघ,रानी झील,लतरातू डेम, लातेहार का बेतला नेशनल पार्क सहित राज्य के अन्य पिकनिक स्थलों पर भी भारी भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए झारखंड पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
वहीं वर्ष 2025 की विदाई और नूतन वर्ष 2026 के स्वागत की खुशी में बुधवार की रात राजधानी रांची के कई होटलों और रेस्टोरेंट्स में भव्य डांस पार्टियों का आयोजन किया गया है। फिल्मी धुनों पर लोग देर रात तक झूमेंगे और नए साल का जश्न पूरे उत्साह के साथ मनाएंगे।



