राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड दौरा संपन्न कर दिल्ली रवाना, राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रतीक चिन्ह देकर दी विदाई
रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार की शाम झारखंड का तीन दिवसीय दौरा संपन्न कर दिल्ली के लिए रवाना हो गईं। बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें राज्य का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। इससे पूर्व राष्ट्रपति ने लोक भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय प्रवास पर झारखंड आई थीं। अपने दौरे के अंतिम दिन वह गुमला में आयोजित अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों से उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने शिक्षा को विकास की सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि जनजातीय नेता स्व. पंखराज कार्तिक उरांव का सपना था कि गुमला में विश्वविद्यालय की स्थापना हो। इस दिशा में राज्य सरकार के सहयोग से हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और यह सपना भविष्य में अवश्य साकार होगा। राष्ट्रपति ने कहा कि जनजातीय समाज कला, संस्कृति, संगीत और नृत्य की समृद्ध परंपराओं से परिपूर्ण है, जिसने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों के विस्तार पर जोर दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर सहित कई इलाकों में अब तेजी से बदलाव आ रहा है और लोग मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। वहीं राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शहीद परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का और जनजातीय नेता कार्तिक उरांव को नमन करते हुए कहा कि झारखंड की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं और राज्य की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद व्यवस्था रही, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सफल रहा।



