मरंगहादा पंचायत में जिला पंचायत राज पदाधिकारी का निरीक्षण, पंचायत सचिव से मांगा स्पष्टीकरण

गणादेश,खूंटी: जिला पंचायत राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने शनिवार को खूंटी प्रखंड के मरंगहादा पंचायत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरजीएसए योजना तथा 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित योजनाओं की स्थिति और प्रगति की समीक्षा की। इस क्रम में पंचायत के अभिलेखों की जांच की गई, जिसमें कैश बुक का समुचित संधारण नहीं होने और स्टॉक पंजी उपलब्ध नहीं पाए जाने पर पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा गया।

डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर कैश बुक का विधिवत संधारण सुनिश्चित करते हुए सभी योजनाओं का संचालन नियमानुसार किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर वित्तीय पारदर्शिता और अभिलेखों का सही रख-रखाव अनिवार्य है, जिससे विकास योजनाओं का लाभ समय पर ग्रामीणों तक पहुंच सके।

निरीक्षण के दौरान पंचायत भवन में उपस्थित बुजुर्ग ग्रामीणों से भी उन्होंने संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर सामाजिक सरोकार के तहत 30 जरूरतमंद लाभुकों के बीच कंबल का वितरण भी किया गया, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिल सके।

इस निरीक्षण कार्यक्रम में बीपीआरओ खूंटी, प्रखंड समन्वयक खूंटी, मोबिलाइजर राजेश्वर बैठा, पंचायत मुखिया एवं पंचायत सचिव सहित अन्य कर्मी मौजूद थे। निरीक्षण का उद्देश्य पंचायत व्यवस्था को सुदृढ़ करना और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *