राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी 2025-26 में खूंटी जिले के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
खूँटी: झारखंड शिक्षा परियोजना, रांची द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता-सह-प्रदर्शनी 2025-26 में खूँटी जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न केटेगरी में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया है।
राज्य स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में खूँटी जिले के UPG +2 हाई स्कूल, लोधमा के विद्यार्थियों द्वारा Multiskilling केटेगरी में प्रस्तुत प्रदर्शनी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, Beauty & Wellness केटेगरी में गवर्नमेंट +2 हाई स्कूल, कर्रा तथा Electronics & Hardware केटेगरी में डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, खूँटी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रदर्शनी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खूँटी जिले के बच्चों में प्रतिभा, नवाचार एवं तकनीकी समझ अत्यंत सराहनीय है। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल न केवल ज्ञानवर्धक हैं, बल्कि उनकी कड़ी मेहनत, रचनात्मक सोच और कौशल का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
उपायुक्त ने संबंधित शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन की भी सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में विद्यार्थियों को सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।



