विनोद बाबू के सपनों को सहेजने व सामाजिक पुनर्जागरण की पहल है गूंज : सुदेश महतो
रांची : झारखंड आंदोलनकारी स्व विनोद बिहारी महतो की पुण्यतिथि पर आयोजित तीन दिवसीय गूंज सेवा, सम्मान सह सांस्कृतिक महोत्सव गुरुवार को सिल्ली स्टेडियम में शुरू हो गया. पूर्व उप मुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो ने स्व विनोद महतो के आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण करके एवं दीप जलाकर महोत्सव की शुरुआत की. इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर उपस्थित रहे।
सुदेश महतो ने कहा कि गूंज महोत्सव सेवा, सम्मान और संस्कृति का संगम है। श्री महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलन के प्रणेता स्व विनोद बाबू जैसे महापुरुषों के सपनों के झारखंड की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और सामाजिक पुनर्जागरण की दिशा में गूंज महोत्सव के माध्यम से एक संदेश देने का प्रयास होता है। झारखंड की लोक कला को एक नया आयाम मिलता है, वहीं युवाओं, महिलाशक्ति और किसानों के बीच से आई प्रतिभाओं को सम्मानित करने का अवसर मिलता है।



