झारखंड विधानसभा सदन के बाहर एक ही फ्रेम में पक्ष–विपक्ष, आरोप–प्रत्यारोप से गरमााया माहौल

रांची : झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन सदन के बाहर राजनीतिक हलचल चरम पर रही। मीडिया कवरेज के दौरान एक ही फ्रेम में बीजेपी विधायक नीरा यादव और राजद विधायक सुरेश पासवान के आ जाने से माहौल अचानक गरम हो गया, जिसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे की पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
बीजेपी विधायक नीरा यादव ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने जनता से किए गए वादों में से एक भी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा घोषित सात वचन भी अधूरे हैं। नीरा यादव ने आरोप लगाया कि “राज्य में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। अवैध खनन—विशेषकर बालू और कोयले का—बिना रोक-टोक जारी है। सरकार जनता को भ्रमजाल में फंसाकर शासन चला रही है और सदन में भी जनहित के सवालों पर बोलने नहीं दिया जाता।”
उनके आरोपों का जवाब देते हुए राजद विधायक सुरेश पासवान ने केंद्र सरकार और बीजेपी को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने, विदेशों में जमा काला धन वापस लाने और हर नागरिक के खाते में 15-15 लाख रुपये जमा कराने का वादा किया था। पासवान ने सवाल किया, “जब केंद्र सरकार अपने वादे ही पूरा नहीं कर पाई, तो बीजेपी राज्य सरकार पर सवाल कैसे उठा सकती है?” उन्होंने कहा कि पहले बीजेपी अपने वादों की जवाबदेही तय करे, उसके बाद दूसरों को कटघरे में खड़ा करे।
सदन के बाहर पक्ष और विपक्ष का यह आमना–सामना सत्र के अंतिम दिन का सबसे चर्चित क्षण बना रहा, जिसने पूरे राजनीतिक वातावरण को गर्म कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *