जेएलकेएम की छात्र अधिकार पदयात्रा रांची में संपन्न, विधानसभा तक प्रदर्शन
रांची: इन दिनों ई कल्याण छात्रवृति लंबित होने के मुद्दे को लेकर युवाओं में आक्रोश नज़र आ रहा है विधानसभा सत्र के दौरान पक्ष विपक्ष आमने सामने है। वहीं, इस बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के द्वारा ई कल्याण छात्रवृति के भुगतान, परीक्षा कैलेंडर को लागू कराने एवं खतियान आधारित स्थानीय नीति के मुद्दे को लेकर 4 दिसंबर को डुमरी से निकाली गई छात्र अधिकार पदयात्रा राजधानी रांची पहुंची। मंगलवार को बूटीमोड चौक से काफी संख्या में कार्यकर्ता एवं युवाओं के हुजूम के साथ यात्रा निकाली गई जो विधानसभा तक पहुंची जहां विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
जब तक राज्य के हर छात्र को अपना अधिकार नहीं मिल जाता तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा- जयराम महतो
डुमरी से निकाली गई पदयात्रा राजधानी रांची पहुंचने पर युवाओं के उत्साह के बीच जेएलकेएम प्रमुख सह डुमरी विधायक जयराम महतो ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के निम्न वर्ग से ताल्लुक रखने वाले विद्यार्थियों के लिए ई कल्याण छात्रवृति मिल का पत्थर साबित होता है लेकिन लंबे समय से उन्हें छात्रवृति नहीं मिल पा रही है जिस कारण पढ़ाई में बाधा उत्पन्न हो रही है। जयराम महतो ने कहा कि राज्य में अभी भी गुणवत्ता पूर्ण शिक्षण संस्थानों की अभाव है जिसे जल्द से जल्द पूरा करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया छात्र अधिकार पदयात्रा के जरिए युवाओं की मांग से राज्य सरकार को अवगत कराया गया छात्रों की खुशी में ही हमारी खुशी है जब तक राज्य का हर छात्र अपने अधिकारों से वंचित है, हमारा संघर्ष जारी रहेगा।
वहीं,जेएलकेएम के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि 180 किलोमीटर की यह पदयात्रा छात्रों की समस्याओं को सामने लाने के लिए निकाली गई है। उन्होंने सरकार से जल्द छात्रवृत्ति जारी करने की मांग की।



