हुटार गांव में खलिहान में लगी आग, पांच परिवारों का पुआल जलकर राख
चान्हो : प्रखंड के हुटार गांव स्थित एक खलिहान में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई, जिसमें बरण साहू, मुकेश साहू, अशोक लोहरा, रितेश कुमार और सुशीला देवी का पुआल पूरी तरह जलकर राख हो गया।
सूत्रों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुँचकर आग बुझाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि किसी का सामान नहीं बच सका।
आगजनी की इस घटना में करीब 25 हजार रुपये मूल्य का पुआल खाक हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सहायता प्रदान करने की मांग की है।

