बिहार विधानसभा: आज से शीतकालीन सत्र,पांच दिसंबर तक चलेगा सत्र,2को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव
पटना: बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो रहा है जो पांच दिसंबर तक चलेगा। शीतकालीन सत्र को लेकर विधानसभा को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। विधानसभा चुनाव में निर्वाचित विधायकों का सदन में आने का सिलसिला शुरू हो गया है। मिथिलांचल के परिधान में मिथिलांचल से निर्वाचित कई विधायक दिख रहे हैं।
विधानसभा का शीतकालीन सत्र में दो दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। तीन दिसंबर को राज्यपाल दोनों सदनों को संबोधित करेंगे। 4दिसंबर को राज्यपाल के भाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। वहीं पांच दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी।
इस बार विधानसभा का सबसे बड़ा बदलाव है कि यह पूरी तरह पेपरलेस हो गई है। हर विधायक की सीट पर सैमसंग के टैबलेट लगाए गए हैं। अब सवाल पूछने से लेकर जवाब देने तक पूरा काम डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगा। NeVA ऐप की मदद से विधायक अपने सवाल ऑनलाइन भेज सकेंगे, जबकि मंत्री और स्पीकर टैबलेट का इस्तेमाल करके ही कार्यवाही संचालित करेंगे। सदन में नए सेंसर वाले माइक्रोफोन लगाए गए हैं, जो विधायक के बैठने के स्थान के हिसाब से अपने आप चालू और बंद हो जाएंगे।
शीतकालीन सत्र को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा और आसपास के क्षेत्रों में 800 जवान तैनात किए गए हैं। सभी गाड़ियों और सामान की तलशी डॉग स्क्वायड और मशीनों के माध्यम से की जाएगी। 1 से 5 दिसंबर तक विधानसभा क्षेत्र में धारा 163 लागू रहेगी। इसके तहत किसी भी तरह की भीड़, जुलूस, नारेबाजी या हथियार ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। धरना-प्रदर्शन केवल गर्दनीबाग के निर्धारित स्थल पर ही किए जा सकेंगे।



