भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा में औचक दबिश,प्रशासन की सख़्ती से कैदियों में हड़कंप

भागलपुर। सप्ताह की शुरुआत होते ही भागलपुर के विशेष केंद्रीय कारा में प्रशासन ने कड़ी निगरानी का संदेश देते हुए तृतीय खंड में अचानक छापा मारा। इस औचक कार्रवाई का नेतृत्व अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) राकेश रंजन और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-02) मोहम्मद अयूब खान ने किया। प्रशासनिक टीम के साथ पुलिस उपाधीक्षक (साइबर सुरक्षा) तथा जिला भू-अर्जन पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

सुबह-सुबह हुई इस दबिश से जेल परिसर में क्षणभर के लिए हलचल मच गई, वहीं सुरक्षा बलों ने निर्धारित खंड में पहुंचकर प्रत्येक बैरक, सामान और गतिविधि की बारीकी से जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने कैदियों के पास अवैध सामग्री की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तलाशी अभियान को बेहद गंभीरता से अंजाम दिया।

करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चले इस अभियान में किसी तरह की आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि जेल की स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई, और सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक रही। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की आकस्मिक छापेमारी आगे भी जारी रहेगी, ताकि जेल में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *