बीजेपी ने जारी किया आरोप पत्र, हेमंत सरकार पार्ट-2 पर गंभीर आरोप
रांची: हेमंत सोरेन सरकार पार्ट-2 के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के खिलाफ विस्तृत आरोप पत्र जारी किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले छह वर्षों में राज्य विकास के बजाय पिछड़ गया है। उन्होंने सरकार को “ठगने वाली और लूटने वाली सरकार” बताते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन धरातल पर कोई वादा पूरा नहीं किया गया।
मरांडी ने कहा कि सरकार ने खटियानी आधारित स्थानीय नीति का वादा किया था, लेकिन आज तक उसका कोई परिणाम नहीं दिखा। वहीं, चंगाई सभा के नाम पर धर्मांतरण और अंधविश्वास को बढ़ावा मिलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भाषा और संस्कृति संरक्षण की बात सिर्फ घोषणा बनकर रह गई। मैया सम्मान योजना सहित कई योजनाओं का लाभ महिलाओं तक ठीक से नहीं पहुँच रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव वर्षों से लंबित हैं और गरीबों को सात किलो राशन देने के वादे को भी सरकार पूरा नहीं कर पाई। गैस सिलिंडर 500 रुपये में देने का दावा भी अधूरा है। रोजगार को लेकर भी सरकार पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि हर वर्ष 8–10 हजार कर्मचारी सेवानिवृत्त हो जाते हैं, ऐसे में सिर्फ आठ हजार नौकरी देना उपलब्धि नहीं है।
मरांडी ने उत्पाद सिपाही बहाली में दर्जनों बच्चों की मौत के बाद भी कार्रवाई न होने, जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में घोटाले, डिग्री और टेंडर घोटालों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि धान खरीदारी से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक में भ्रष्टाचार फैला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में घुसपैठ बढ़ा है और आदिवासी युवतियों के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है।
इस कार्यक्रम में आरोप पत्र समिति के सदस्यों—आदित्य साहू, नवीन जयसवाल, कर्मवीर सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह और अविनाश किशोर—की उपस्थिति रही।



