मुरहू प्रखण्ड के मुरहू टोली में सेवा सप्ताह शिविर का आयोजन, उप प्रमुख अरुण साबू ने लभुकों के बीच प्रमाण पत्र वितरण किया
गणादेश,खूंटी : सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत बुधवार को मुरहू प्रखण्ड के मुरहू पंचायत एवं गोडा टोली पंचायत के नागरिकों के लिए विशेष जन–समस्या निवारण एवं सेवा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखण्ड प्रमुख एलिस ओड़िया, उप प्रमुख अरुण साबू, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रंजीत सिन्हा, अंचलाधिकारी शंकर विद्यार्थी, जिला परिषद सदस्य (पश्चिमी) नेलानी देमता, मुखिया ज्योति, मुखिया परती टूटी जी, जिला कार्यालय से बोबोंगा तथा विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कई लाभुकों के आवेदन का ऑन–द–स्पॉट निष्पादन किया गया तथा पात्र लाभुकों को मौके पर ही प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कुछ आवेदनों को आगे की प्रक्रिया हेतु संबंधित विभागों द्वारा ग्रहण किया गया।
उप प्रमुख अरुण साबू ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रखण्ड अंतर्गत मुरहू एवं गोडा टोली पंचायत के अधिकांश लोगों तक पहुँच चुका है, परंतु कुछ लोग अब भी कागजात की कमी या आधार विवरण में त्रुटि के कारण वंचित हैं। ऐसे सभी व्यक्तियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।
प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रंजीत सिन्हा ने कहा कि नागरिकों के कार्यों का समय पर निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है। जिन लाभुकों के दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें पूरा कर योजना के लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे।
अंचलाधिकारी श्री शंकर विद्यार्थी ने मौके पर ही आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र तथा भूमि से संबंधित रसीदें जारी कीं। साथ ही कई मामलों को कार्यालय में निष्पादन हेतु स्वीकार किया गया, जिन्हें जल्द ही पूरा किया जाएगा।जिला परिषद सदस्य श्रीमती नेलानी देमता ने दोनों पंचायतों में परिसंपत्ति का वितरण किया और कहा कि सरकार की योजनाओं से प्रत्येक पात्र परिवार को लाभान्वित करना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने प्रखण्ड प्रशासन से लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का आग्रह भी किया।
सेवा का अधिकार सप्ताह के इस कार्यक्रम ने मुरहू प्रखण्ड के ग्रामीणों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया।



