भाजपा आरोप लगाती रहे, अबुआ सरकार काम करती रहेगी : विनोद पांडेय
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा के आरोपों को भ्रामक और राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा अबुआ सरकार को बदनाम करने के लिए बिना तथ्य के बयानबाजी कर रही है। पैरामेडिकल स्टाफ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा शासनकाल के दौरान न तो न्यूनतम वेतन, न सुरक्षित कार्य वातावरण और न ही पुरानी पेंशन पर कोई कदम उठाया गया। ऐसे में भाजपा की अचानक चिंता केवल राजनीतिक नौटंकी है।
पांडेय ने कहा कि श्रम विभाग की गजट अधिसूचना को भाजपा नेता चुनिंदा तरीके से पढ़कर गलत व्याख्या कर रहे हैं, जबकि सरकार पैरामेडिकल कर्मियों की वेतनमान और सेवा शर्तों को अपडेट करने की प्रक्रिया में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि उनके शासन में संविदा और स्वास्थ्यकर्मियों की स्थिति कैसी थी।
सदर अस्पताल की आउटसोर्सिंग व्यवस्था पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रणाली भाजपा शासनकाल से चल रही है और उस दौरान घोटालों, दलाली और भ्रष्ट एजेंसियों को बढ़ावा मिला। अब जब सरकार पूरे सिस्टम की ऑडिट कर रही है, भाजपा विचलित है।
पांडेय ने कहा कि अबुआ सरकार संविदा कर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और युवाओं के हित में लगातार कार्यरत है और नर्सों की भर्ती, लैब तकनीशियन बहाली व जिला स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार जैसे कदम इसका प्रमाण हैं।



