सिटी सेंटर अग्निकांड पर मजिस्ट्रेट जांच के डीसी ने दिया निर्देश
बोकारो – जिला प्रशासन ने सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित चिकन चिल्ली दुकान में लगी आग की घटना को अत्यंत गंभीर माना है। उक्त दुकान में घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडर से अचानक आग भड़क उठी, जिससे आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी फैल गई। घटना में दुकान को भारी क्षति पहुंची और यह सवाल खड़ा हुआ कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग कैसे किया जा रहा था।घटना के तुरंत बाद उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास एसडीएम प्रांजल ढ़ांडा को मजिस्ट्रेट स्तर पर पूरी जांच करने के आदेश दिए। उनके निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि आग कैसे लगी, किसकी लापरवाही रही और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था इन सभी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की जाए।जांच केवल दुकान मालिक तक सीमित नहीं रहेगी। उपायुक्त ने आदेश दिया है कि बीएसएल नगर प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका की भी जांच की जाए। यह देखा जाएगा कि क्या नियमित निरीक्षण, अनुमति प्रक्रिया और सुरक्षा अनुपालन को लेकर कहीं कोई चूक हुई है।
उपायुक्त ने कहा कि यह घटना जनता की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है और जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



