डबल इंजन पर भरोसा किया बिहार ने : सुदेश महतो
रांची : आजसू पार्टी के प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत पर एनडीए के सभी नेताओं–कार्यकर्ताओं को बधाई दी है और बिहार की जनता जनता-जनार्दन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर डबल इंजन सरकार पर अपनी मजबूत मुहर लगाई है।घाटशिला में विजयी झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को भी सुदेश महतो ने बधाई दी है और कहा है कि एनडीए कार्यकर्ताओं ने पूरा परिश्रम किया था, लेकिन झामुमो को सहानुभूति लहर का लाभ मिला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक है। श्री महतो ने कहा कि यह जीत माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व, उनकी जनकल्याणकारी नीतियों और श्री नीतीश कुमार जी के सुशासन में जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने इसे “बिहार की जनता की परिपक्वता और विकास की सही दिशा की जीत” बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जातिवाद और जंगलराज की राजनीति को ठुकराकर एनडीए के ‘डबल इंजन’ मॉडल पर भरोसा जताया है। श्री महतो ने नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत न केवल बिहार के लिए, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के विकास का नया अध्याय खोलेगी। झारखंड और बिहार जैसे राज्यों में एनडीए की एकजुटता से सामाजिक न्याय और आर्थिक उन्नति सुनिश्चित होगी।
रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी सभी एनडीए नेताओं को बधाई दी है। श्री प्रभाकर ने कहा कि बिहार में मिली सफलता हमें झारखंड में भी एनडीए की मजबूती के लिए प्रेरित करेगी। दोनों राज्यों में सामाजिक न्याय का सपना साकार होगा।
श्री प्रभाकर ने कहा कि यह बिहार की जनता का विकास और स्थिरता के पक्ष में फैसला है। बिहार की जनता ने साबित कर दिया कि वे जंगल राज के दिनों को भूले नहीं हैं। एनडीए की जीत महिलाओं, युवाओं और किसानों के सशक्तिकरण की मिसाल है।



